IND vs ENG: कप्तान श्रेयस अय्यर का बड़ा कबूलनामा, इंग्लैंड से 4-0 की हार के बाद बताई सबसे बड़ी गलती

इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में 56 रन की हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम की सबसे बड़ी कमजोरी पर खुलकर बात की। अय्यर ने माना कि खराब फील्डिंग और अहम मौकों पर छोड़े गए कैच मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुए। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय खिलाड़ी कैच लपक लेते तो मुकाबले की लय पूरी तरह बदल सकती थी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने 4-0 से सीरीज अपने नाम की और आईसीसी टी20 रैंकिंग में भारत को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 टीम भी बन गया।

‘कैच छोड़ना सबसे महंगा पड़ा’

मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि पूरी सीरीज में बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना टीम के लिए सबसे बड़ा सबक रहा। लेकिन साउथैम्प्टन में फील्डिंग की गलतियों ने भारत की मुश्किलें और बढ़ा दीं। अय्यर ने कहा, ‘सीरीज से हमें काफी कुछ सीखने को मिला, खासकर परिस्थितियों को समझने और उनके मुताबिक खुद को ढालने के बारे में। हर मैच में हालात अलग थे। हमने कुछ आसान कैच छोड़ दिए और मुझे लगता है कि वहीं से मैच की लय बदल गई।’

220-225 पर रुक सकता था इंग्लैंड

भारतीय कप्तान का मानना है कि यदि टीम ने कैच नहीं छोड़े होते तो इंग्लैंड को 257 रन तक पहुंचने से रोका जा सकता था। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड को करीब 220-225 रन तक सीमित किया जा सकता था, लेकिन मिले जीवनदान का मेजबान बल्लेबाजों ने पूरा फायदा उठाया। दूसरी ओर भारतीय बल्लेबाजों ने बीच-बीच में लगातार विकेट गंवाए, जिससे बड़ा लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो गया।

बटलर और ब्रूक ने उड़ाए भारतीय गेंदबाजों के होश

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 3 विकेट पर 257 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पूर्व कप्तान जोस बटलर ने 64 गेंदों पर 131 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान हैरी ब्रूक ने 45 गेंदों पर 95 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 233 रन की साझेदारी की, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।

ईशान-तिलक की कोशिश भी नहीं दिला सकी जीत

258 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि ईशान किशन और तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य से 56 रन दूर रह गई।

इंग्लैंड बना दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम

इस बड़ी जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली। साथ ही उसने भारत को पछाड़कर आईसीसी पुरुष टी20 रैंकिंग में नंबर-1 स्थान भी हासिल कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *