”हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा नहीं, सहयोग से तय होना चाहिए”, आसियान सम्मेलन में बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 देशों के समूह आसियान के नेताओं से मंगलवार को कहा कि भारत एवं आसियान की कुल आबादी दुनिया की जनसंख्या का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है और ”हमारा साझा भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से” तय होना चाहिए।

मोदी ने भारत-आसियान शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस साझेदारी में आसियान की एकता एवं केंद्रीय भूमिका के प्रति ”भारत की प्रतिबद्धता अटूट है और आगे भी बनी रहेगी।” प्रधानमंत्री ने कहा, ”पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने कई संकटों का सामना किया है। आज दुनिया को शांति, स्थिरता और ऐसे माहौल की सबसे अधिक जरूरत है जिसमें भविष्य को लेकर अनिश्चितता न हो।”

उन्होंने कहा, ”इस संदर्भ में इस वर्ष का हमारा विषय ‘मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना’ विशेष महत्व रखता है।” दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का संगठन (आसियान) एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी समूह है, जो दक्षिण पूर्व एशिया के अपने सदस्य देशों के बीच आर्थिक विकास, राजनीतिक स्थिरता, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देता है। वर्ष 1967 में स्थापित आसियान के 11 सदस्य देश ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम हैं। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इसके संवाद साझेदार हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, ”भारत और आसियान की कुल आबादी दुनिया की जनसंख्या का लगभग एक-चौथाई हिस्सा है इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारा भविष्य प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग से तय हो।” मोदी ने कहा कि भारत और आसियान, दोनों के पास सामर्थ्य एवं दृढ़ संकल्प है तथा दोनों पक्ष मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं।

उन्होंने कहा, ”हमारा मानना है कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। आने वाले वर्षों में ‘आसियान सामुदायिक दृष्टिकोण 2045’ और ‘विकसित भारत 2047’ हमारी साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा, ”मुझे विश्वास है कि आज की बैठक हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगी और एक सुरक्षित, समावेशी एवं समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *