मंगलवार शाम मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के निर्देश पर एयर इंडिया की एक फ्लाइट ने टेक-ऑफ की प्रक्रिया रोक दी, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना रात करीब 10 बजे हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान लैंडिंग के बाद रनवे से हटा नहीं था, जबकि दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट उसी रनवे से टेक-ऑफ की तैयारी कर रही थी।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI816 (मुंबई से दिल्ली) को बड़े आकार वाले बोइंग 777-300ER विमान से संचालित किया जाना था। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AIX1547 सिलीगुड़ी से आई थी और इसे छोटे आकार वाले बोइंग 737 MAX 8 विमान से संचालित किया जा रहा था।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में पुष्टि की कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के निर्देश के बाद टेक-ऑफ की प्रक्रिया रोक दी गई थी। प्रवक्ता ने कहा, “7 जुलाई को मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI816 के क्रू ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से निर्देश मिलने के बाद टेक-ऑफ की प्रक्रिया रोक दी और विमान को वापस बे (bay) में ले आए।” ‘टेक-ऑफ रन’ का मतलब उस चरण से है जब विमान टेक-ऑफ की गति तक पहुंचने से पहले रनवे पर दौड़ता है।
प्रवक्ता ने कहा कि स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत विमान की ज़रूरी जांच की जाएगी। एयर इंडिया ने यह भी कहा कि वह यात्रियों को जल्द से जल्द उनकी मंज़िल तक पहुँचाने के लिए वैकल्पिक इंतज़ाम कर रही है। एयरलाइन ने घटना के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी। दोनों विमानों में सवार यात्रियों की संख्या का तुरंत पता नहीं चल सका।
