बांग्लादेश में 2 BNP नेताओं की हत्या बाद उग्र हुई हिंसा; हसीना समर्थकों के 50 घर-दुकानें फूंकी, जमकर लूटपाट व तोड़फोड़

बांग्लादेश में शेख हसीना की सत्ता जाने के बाद शुरू हुई राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। अब नराइल जिले में अवामी लीग के नेताओं, पूर्व सांसदों और समर्थकों को निशाना बनाया गया है।  बुधवार को नाराइल में BNP के दो नेताओं की हत्या कर दी गई, जिसके पीछे प्रतिबंधित अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का हाथ बताया गया है। गुरुवार तक हिंसा 18 जिलों में फैल गई। इस दौरान बसों, पुलिस स्टेशनों, पार्टी कार्यालयों, ग्रामीण बैंक शाखाओं के साथ-साथ नेताओं के घरों और अस्पतालों में तोड़फोड़ व आगजनी की गई।  उपद्रवियों ने करीब 50 घरों और दुकानों में आग लगा दी और जमकर लूटपाट की। खास बात यह है कि हसीना के दिसंबर में देश लौटने के ऐलान के बाद से राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों में पुलिस थाने, पूर्व प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर और सत्तारूढ़ BNP नेताओं के ठिकाने भी हिंसा की चपेट में आ चुके हैं। एक ही गांव के 50 घरों और दुकानों पर हमला
यह घटना शुक्रवार को नराइल जिले के कालिया उपजिला के बेंदर चार गांव में हुई। हमलावरों ने कई घरों में घुसकर तोड़फोड़ की। वहां रखा फर्नीचर, कीमती सामान और दूसरी वस्तुएं लूट लीं। इसके बाद कई घरों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना ने बांग्लादेश में राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाए जाने और बदले की कार्रवाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

हसीना के गृह जिले से शुरू हुई हिंसक घटनाएं
बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। घटनाक्रम पर नजर डालें तो हिंसा का सिलसिला इस तरह बढ़ा है:

15 नवंबर: शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में अवामी लीग समर्थकों ने रैली निकाली। इसके बाद बीएनपी के कार्यालयों, नेताओं के घरों और दुकानों में तोड़फोड़ तथा आगजनी हुई। बीएनपी नेताओं ने इन हमलों के लिए अवामी लीग कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया।

 17 नवंबर: गोपालगंज के तुंगीपाड़ा पुलिस थाने पर हमला किया गया। इसी रात बीएनपी के एक सांसद के घर में भी आग लगा दी गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नेताओं को छुड़ाने के लिए अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने थाने पर हमला किया था।

18 नवंबर: चटगांव में अंतरिम सरकार के पूर्व प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग लगा दी गई।

 19 नवंबर: देशव्यापी बंद के दौरान गोपालगंज में हिंसा हुई। पुलिस थाने, ग्रामीण बैंक की शाखा और कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया। थाने में खड़े करीब 20 वाहनों को भी जला दिया गया।

 20 नवंबर: सिलहट में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर के बाहर आगजनी की घटना हुई। कबीर ने इसके लिए अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया।

 

हसीना ने कहा-दिसंबर में हर हाल में लौटूंगी
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ने की एक बड़ी वजह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी का ऐलान भी माना जा रहा है। छात्र आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी और 5 अगस्त 2024 को वह बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। उनके सत्ता से हटने के बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उनकी सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया था। चुनाव के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी की सरकार बनी, लेकिन अवामी लीग पर प्रतिबंध जारी रखा गया।

 

पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग भी ठुकराई
शेख हसीना ने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। इस महीने उन्होंने फिर कहा कि वह हर हाल में दिसंबर में अपने देश लौटेंगी। हसीना ने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की भी मांग की है, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने उनकी मांग स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।

 

भारत से प्रत्यर्पण की मांग कर रही बांग्लादेश सरकार
बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से शेख हसीना को वापस सौंपने की मांग कर रही है। वहीं, भारत ने कहा है कि प्रत्यर्पण का मामला कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा है और इस पर नियमों के अनुसार फैसला किया जाएगा। हसीना की वापसी की घोषणा, अवामी लीग पर प्रतिबंध और राजनीतिक विरोधियों के बीच लगातार बढ़ते टकराव ने बांग्लादेश की स्थिति को संवेदनशील बना दिया है। ताजा आगजनी की घटना ने वहां राजनीतिक हिंसा के और गहराने की आशंका बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *