ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस एक्शन! गैंगस्टर, ड्रग्स और फर्जी शराब का नेटवर्क बेनकाब

पंजाब पुलिस द्वारा गैंगस्टरों, नशा तस्करों तथा अन्य आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार-3’ के तहत जिला पुलिस द्वारा बड़े स्तर पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी करते हुए पुलिस ने 451 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को काबू किया। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, नशीली गोलियां, अवैध हथियार, चोरीशुदा वाहन, शराब तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद कर कई महत्वपूर्ण खुलासे किए गए हैं।

इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा गैंगस्टर एसोसिएट, नशा तस्करों एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना था। उन्होंने बताया कि शाम 4 बजे तक 451 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया जा चुका था। उन्होंने बताया कि काबू किए गए व्यक्तियों में चार गैंगस्टर एसोसिएट, 10 भगोड़े, 111 व्यक्तियों के खिलाफ अपराध रोकथाम संबंधी कार्रवाई तथा 326 व्यक्तियों की पुराने एवं नए मामलों में संवेदनशील गिरफ्तारियां शामिल हैं। चार गैंगस्टर एसोसिएटों संबंधी विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

नशा और अवैध हथियारों की बड़ी बरामदगी
एसएसपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दो .32 बोर पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस तथा तीन दातर/कापे बरामद किए गए हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई के दौरान 250 ग्राम हेरोइन, एक क्विंटल भुक्की, डेढ़ किलोग्राम अफीम, भारी मात्रा में एनडीपीएस कैप्सूल एवं टैबलेट तथा 13 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।

एसएसपी ने बताया कि एक बैकवर्ड लिंकज की जांच के दौरान पुलिस ने एक केमिस्ट की दुकान पर छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए। ड्रग इंस्पेक्टर के साथ समन्वय कर संबंधित केमिस्ट की दुकान को बंद करवाने की कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित व्यक्ति अवैध रूप से एक क्लीनिक भी चला रहा था, जिसके संबंध में भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

नकली शराब के गोरखधंधे का भंडाफोड़
आबकारी विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ऐसे गोरखधंधे का भी भंडाफोड़ किया, जिसमें महंगे ब्रांडों की खाली बोतलों को साफ कर उनमें देसी शराब भरकर असली ब्रांड के नाम पर बेचा जाता था। इस मामले में एक गोदाम का भंडाफोड़ करते हुए करीब 120 बोतलें बरामद की गई हैं। इसके अलावा 153 लीटर अवैध शराब भी कब्जे में ली गई है। मामले की जांच अभी जारी है।

चोरीशुदा वाहनों का बड़ा रैकेट बेनकाब
एसएसपी ने बताया कि इस अभियान के दौरान चोरीशुदा वाहनों से जुड़े कई गिरोहों का भी भंडाफोड़ किया गया है। एक गिरोह ऐसा भी सामने आया, जो चोरीशुदा वाहनों के इंजन नंबर और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर उन्हें फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से दोबारा वैध दर्शाकर बेच देता था। इस रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने अब तक आठ चोरीशुदा ट्रक, पांच से सात दोपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन, बड़ी संख्या में मोबाइल फोन तथा सोने की चेनें भी बरामद की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *