केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत, इसके लोकतांत्रिक संस्थानों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों के रिकॉर्ड को बदनाम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि “अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से उन्हें सत्ता में आने में कोई मदद नहीं मिलेगी”। शाह ने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए, गांधी को विदेश जाना बंद करना होगा और गांवों का दौरा शुरू करना होगा।
पुणे में ‘नेशनल हेवी इंजीनियरिंग कोऑपरेटिव’ के पुनरुद्धार की पहल की आधारशिला रखने के बाद शाह ने कहा कि कांग्रेस लगातार मिल रही चुनावी हार से हताश है और इसी हताशा के कारण वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और उसके नेतृत्व को निशाना बना रही है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली तेलंगाना सरकार द्वारा 13-14 नवंबर को हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट’ पर निशाना साधते हुए, शाह ने कहा कि इसमें देश-विदेश से वामपंथी विचारधारा के समर्थकों को आमंत्रित किया गया था।
शाह ने कहा, “कांग्रेस के ‘युवराज’ (गांधी की ओर इशारा करते हुए) ने ‘भारत समिट’ नाम के इस सम्मेलन में भी हिस्सा लिया, जहां उन्होंने भारत विरोधी विचार रखकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम किया। उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से उन्हें सत्ता में आने में कोई मदद नहीं मिलेगी।” केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री ने कहा, “अगर वह सत्ता में वापस आना चाहते हैं, तो उन्हें विदेश यात्राएं बंद कर देनी चाहिए और पूरे भारत के गांवों का दौरा शुरू करना चाहिए। तब शायद उन्हें कोई मौका मिल सके।”
शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से यह भी अपील की कि वे अपने नेतृत्व से उनके चुनावी प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मौजूदा राजनीतिक रवैया जारी रहा, तो पार्टी अगले 30 वर्षों तक सत्ता से बाहर रह सकती है। शाह ने कहा, “चुनाव में जीत या हार राजनीतिक दलों और उनके नेताओं के प्रदर्शन पर निर्भर करती है।
कांग्रेस को 10 साल (2004-14) तक देश पर शासन करने का मौका मिला, लेकिन उसके कार्यकाल के दौरान 12 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। आखिरकार, जनता ने पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया और नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री के पद पर पहुंचा दिया।” शाह ने बताया कि मोदी सरकार का पिछले 12 वर्षों का रिकॉर्ड भ्रष्टाचार-मुक्त रहा है, और प्रधानमंत्री के खिलाफ एक छोटा सा आरोप भी नहीं लगा है।
