Weather Update: हिमाचल में बिगड़ेगा मौसम, 29 और 30 को बर्फबारी व बारिश के आसार

हिमाचल में आगामी 4 दिनों बाद मौसम बिगड़ेगा। मौसम विभाग ने 29 और 30 जनवरी को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। इन दिनों मैदानी इलाकों में भी सर्दी का प्रभाव अधिक रहेगा। प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा और मंडी जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान शीतलहर को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया।

राज्य के जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भीषण शीतलहर जारी है। लाहौल-स्पीति जिले का ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान -10 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया। कुकुमसेरी, मनाली, केलांग और कल्पा में भी तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम पारा -7.9 डिग्री, मनाली में -0.2, केलांग में -9.1 और कल्पा में -2.9 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक 29 और 30 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। शिमला, मनाली, डल्हौजी और कुफरी जैसे हिल स्टेशनों में बर्फबारी के कारण पर्यटकों की संख्या में बढ़ौतरी होने की संभावना है। मध्यवर्ती इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि मैदानी इलाकों में मौसम के साफ बने रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *