सोमवार को सुबह हुई बारिश के कारण लोगों को पड़ रही भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दोपहर के समय बारिश के बाद पड़ी उमस भरी गर्मी ने लोगों को फिर से परेशान कर दिया। हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस में इजाफा हुआ जिसके कारण घरों और बाजारों में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फसलों के लिए फायदेमंद है बारिश
बारिश के कारण भले ही सड़कों पर पानी जमा हो गया लेकिन इसके बावजूद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी क्योंकि पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। सुबह के समय काम पर जाने वाले लोगों को भी ठंडे मौसम के कारण काफी राहत मिली। बारिश के कारण किसानों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली। खेतों में खड़ी फसलों के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर बारिश होती रही, तो धान सहित अन्य फसलों को काफी फायदा होगा और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि मौसम में आया यह बदलाव खेती के लिए सकारात्मक साबित हो सकता है।
दोपहर के समय उमस ने छुड़ाए पसीने
सुबह की बारिश के बाद जैसे ही दोपहर हुई तो मौसम ने फिर करवट बदल ली। बारिश के बाद तेज धूप निकलने से हवा में नमी काफी बढ़ गई जिसके कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर के समय बाजारों, सरकारी दफ्तरों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग उमस से परेशान नजर आए। कई लोग छायादार जगहों पर बैठकर गर्मी से बचने की कोशिश करते दिखाई दिए जबकि ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। बाजार में गन्ने का रस, नींबू पानी, लस्सी और अन्य ठंडे पेय पदार्थों की मांग में भारी बढ़ौतरी दर्ज की गई।
बिजली की मांग बढ़ी
गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों द्वारा पंखों, कूलरों और एयर कंडीशनर का अधिक इस्तेमाल किए जाने के कारण दोपहर के समय बिजली की मांग में भी काफी वृद्धि हुई। कुछ जगहों पर बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया। इस मौसम में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष रूप से दिक्कत हुई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि ऐसे मौसम में डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए अधिक से अधिक पानी पिएं, हल्का व पौष्टिक भोजन खाएं और बिना वजह दोपहर के समय धूप में बाहर न निकलें। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
